22.2 C
Indore
Saturday, February 28, 2026
HomeCrime"मांगलिया की सोनाली का 'डबल गेम'! कोर्ट से मिली आजादी को बनाया...

“मांगलिया की सोनाली का ‘डबल गेम’! कोर्ट से मिली आजादी को बनाया हथियार, फिर बेचने लगी ‘जहर'”

इंदौर |(संभाग पोस्ट) शहर में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत क्राइम ब्रांच को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक महिला आरोपी को भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ ‘गांजे’ के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पकड़ी गई महिला पहले भी तस्करी के मामले में जेल जा चुकी है और वर्तमान में जमानत पर बाहर थी।

मुख्य बातें:
1). जप्त माल: 8 किलो 313 ग्राम गांजा, एक एक्टिवा स्कूटी और एक आईफोन।
2). कुल कीमत: लगभग ₹3,50,000/- (अंतरराष्ट्रीय बाजार में गांजे की कीमत ₹2 लाख)।
3). आरोपी: सोनाली सिंह, निवासी मांगलिया, इंदौर।
4). स्थान: देवास-इंदौर बायपास रोड, निपानिया के पास।

कैसे हुई गिरफ्तारी?
पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ दिए गए कड़े निर्देशों के बाद क्राइम ब्रांच की टीम लगातार सक्रिय थी। सूचना के आधार पर टीम ने देवास-इंदौर बायपास रोड स्थित डागरिया फार्म हाउस के पास घेराबंदी की।

वहां निपानिया जाने वाली कच्ची सड़क पर एक महिला एक्टिवा स्कूटी के साथ संदिग्ध अवस्था में दिखी। महिला ने स्कूटी के पायदान पर एक बोरी रखी हुई थी। पुलिस को देखते ही वह घबराने लगी और भागने का प्रयास करने लगी, जिसे महिला पुलिसकर्मियों की मदद से घेराबंदी कर रोका गया।

तलाशी में मिला अवैध गांजा
महिला की पहचान सोनाली सिंह के रूप में हुई। जब बोरी की विधिवत तलाशी ली गई, तो उसमें से 8 किलो 313 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से न केवल मादक पदार्थ, बल्कि तस्करी में इस्तेमाल होने वाली स्कूटी और एक महंगा आईफोन भी जप्त किया है।

पुरानी अपराधी है सोनाली: जमानत पर थी बाहर
पूछताछ के दौरान एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ। आरोपी सोनाली सिंह पहले भी 6 किलो गांजे के साथ गिरफ्तार हो चुकी है। वह इंदौर कोर्ट से जमानत पर बाहर आई थी, लेकिन जेल से छूटने के बाद उसने फिर से तस्करी का रास्ता चुन लिया।

आरोपी का कबूलनामा:
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह सस्ते दामों पर गांजा खरीदकर लाती थी और इंदौर शहर में नशे के आदी युवाओं और अन्य लोगों को ऊंचे दामों पर बेचकर मुनाफा कमाती थी।

पुलिस की कार्रवाई
क्राइम ब्रांच ने आरोपी के खिलाफ थाना अपराध शाखा में NDPS एक्ट की धारा 8/20 के तहत अपराध क्रमांक 30/2026 पंजीबद्ध किया है। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि महिला यह गांजा कहां से लाती थी और शहर में उसके अन्य साथी कौन हैं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular