खरगोन|(संभाग पोस्ट) सनावद बांकुरा नदी स्थित वाटर वर्क्स बांध में आज सुबह एक 35 वर्षीय युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान ढकलगांव निवासी सुखराम पिता श्यामलाल के रूप में हुई है।
घटना का विवरण
बुधवार सुबह लगभग 9:30 बजे, वाटर वर्क्स बांध के पास पानी में एक लाश तैरती हुई दिखाई दी। वहां कार्यरत कर्मचारी अनवर खान ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी धर्मेंद्र यादव, एएसआई सीएल सोलंकी, प्रधान आरक्षक जमरे और आरक्षक सुनील मौके पर पहुंचे।
गोताखोर सोएब बेग ने बताया कि बांध के पास नहाने आए बच्चों ने सबसे पहले शव को देखा था, जिसके बाद पुलिस के सहयोग से शव को नदी से बाहर निकाला गया। बांध की सबील (किनारे) पर मृतक के कपड़े और जूते व्यवस्थित रखे हुए मिले, जिससे अंदेशा लगाया जा रहा है कि युवक संभवतः नहाने के लिए उतरा था।
परिजनों का बयान मृतक की शिनाख्त सुखराम (35 वर्ष) निवासी ढकलगांव के रूप में हुई है। मृतक के पुत्र लोकेंद्र ने बताया कि:
“मेरे पिता एक दिन पहले ही गुजरात से मजदूरी कर घर वापस लौटे थे। आज सुबह 8 बजे वे घर से निकले थे, जिसके बाद यह दुखद खबर मिली।”
सुखराम के परिवार में उनके दो बेटे हैं। पिता की अचानक मृत्यु से परिवार में मातम छाया हुआ है।
पुलिस कार्रवाई
पुलिस ने घटनास्थल पर पंचनामा तैयार कर शव को एम्बुलेंस की मदद से सिविल अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
1). मृतक: सुखराम पिता श्यामलाल (35 वर्ष)
2). निवासी: ढकलगांव
3). वर्तमान स्थिति: पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच कर रही है।

