खरगोन/कसरावद |[संभाग पोस्ट] जिले के कसरावद थाना क्षेत्र अंतर्गत बालसमुद इलाके में शनिवार दोपहर आगजनी की एक बड़ी घटना सामने आई है। मेजमपुर स्थित एक खेत में अचानक भीषण आग लगने से किसान की कड़ी मेहनत और लाखों की फसल चंद मिनटों में राख में तब्दील हो गई।
झूलते बिजली के तारों से भड़की आग
मिली जानकारी के अनुसार, मेजमपुर निवासी किसान महादेव पिता रघुनाथ गोरा के गेहूं के खेत के ऊपर से हाईटेंशन विद्युत लाइन गुजर रही है। बताया जा रहा है कि झूलते तारों के आपस में टकराने से निकली चिंगारी सूखी फसल पर जा गिरी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और करीब 6 बीघा से अधिक क्षेत्र में खड़ी गेहूं की फसल जल गई।
फसल के साथ ड्रिप सिस्टम भी स्वाहा

आग इतनी भीषण थी कि जब तक फायर ब्रिगेड और ग्रामीण मौके पर पहुंच पाते, तब तक फसल के साथ-साथ खेत में बिछी ड्रिप इरिगेशन लाइन भी पूरी तरह जलकर खाक हो गई। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112, पुलिस बल, पटवारी और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची।
विपरीत हवा ने टाला बड़ा हादसा

राहत की बात यह रही कि घटना के समय हवा की दिशा विपरीत थी, जिससे आग आसपास के अन्य खेतों तक नहीं फैल पाई। यदि हवा का रुख बदलता, तो आसपास के सैकड़ों बीघा खेतों में खड़ी फसल भी इसकी चपेट में आ सकती थी। ग्रामीणों और दमकल विभाग की मुस्तैदी से आग पर काबू पाया गया।
प्रशासनिक टीम जांच में जुटी
घटना के बाद राजस्व विभाग की टीम (पटवारी) द्वारा मौके का मुआयना किया गया है। प्रशासन अब नुकसान का सटीक आकलन (पंचनामा) तैयार करने में जुटा है, ताकि पीड़ित किसान को उचित मुआवजा मिल सके।
ग्रामीणों की मांग: इलाके के किसानों ने बिजली विभाग से मांग की है कि खेतों के ऊपर से गुजर रहे ढीले और झूलते तारों को जल्द दुरुस्त किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

