(SambhagpostNews) खरगोन पुलिस ने बोरावां स्थित जेआईटी कॉलेज (JIT College) के रिहायसी परिसर में हुई बड़ी चोरी की वारदात को सुलझाने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस मामले में अलीराजपुर के एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसके कब्जे से सवा दो लाख रुपये से अधिक के सोने के आभूषण बरामद किए गए हैं।
क्या था पूरा मामला?
घटना 23 और 24 फरवरी 2026 की मध्य रात्रि की है। अज्ञात बदमाशों ने जेआईटी कॉलेज बोरावां के कैंपस में स्थित रिहायसी मकानों को निशाना बनाया था। चोरों ने फरियादी और उनके पड़ोसी आशीष सेंदनकर के सूने मकानों के ताले तोड़कर वहां रखे सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी कर ली थी। इस संबंध में कसरावद थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 74/26 दर्ज कर जांच शुरू की थी।
CCTV और मुखबिर की मदद से मिला सुराग
वारदात के बाद पुलिस ने क्षेत्र के कई CCTV फुटेज खंगाले। हालांकि शुरुआत में सफलता नहीं मिली, लेकिन सटीक मुखबिर तंत्र की सूचना पर पुलिस ने महेश उर्फ नानका (24 वर्ष), निवासी बड़ी कदवाल (अलीराजपुर) को हिरासत में लिया।
पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा: रिमांड के दौरान पूछताछ में आरोपी महेश ने स्वीकार किया कि उसने अपने तीन अन्य साथियों— बारम, विनोद और शंकर (सभी निवासी ग्राम गुराड़िया, जिला धार) के साथ मिलकर इस चोरी को अंजाम दिया था।
बरामद किया गया मशरूका
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी गया कीमती सामान बरामद कर लिया है, जिसकी कुल कीमत लगभग 2,25,000 रुपये है:
1). 2 सोने की अंगूठियां
2). 4 सोने के टॉप्स (छोटे-बड़े)
3). 2 मंगलसूत्र पेंडल
4). 10 सोने के मोती
पुलिस की कार्रवाई जारी
कसरावद पुलिस ने मुख्य आरोपी महेश को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है। पुलिस के अनुसार, गिरोह के अन्य तीन सदस्य फिलहाल फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए धार और आसपास के जिलों में दबिश दी जा रही है।
अधिकारी का कथन: “पुलिस की त्वरित कार्रवाई से एक आरोपी पकड़ा गया है और चोरी गया अधिकांश सामान बरामद कर लिया गया है। फरार आरोपियों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।”

