इंदौर | (संभाग पोस्ट) शहर में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत इंदौर क्राइम ब्रांच को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने घेराबंदी कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से करीब 1 लाख रुपये कीमत की ‘MD’ ड्रग्स बरामद की गई है।
पुलिस को देख भागने की कोशिश
क्राइम ब्रांच की टीम जब रुद्र एजेंसी बिल्डिंग के पास गश्त कर रही थी, तब खाली ग्राउंड में एक Kia कार खड़ी दिखाई दी। कार की ड्राइविंग सीट पर बैठा व्यक्ति पुलिस के वाहन को देखते ही गाड़ी भगाकर भागने लगा। मुस्तैद पुलिस टीम ने शासकीय वाहन से घेराबंदी कर संदिग्ध को रोका और हिरासत में लिया।
आर्मरेस्ट बॉक्स में छिपा था नशा
तलाशी के दौरान पुलिस को कार की सीट के पास बने आर्मरेस्ट बॉक्स से एक पारदर्शी पन्नी मिली। जब इसकी जांच की गई, तो उसमें 10 ग्राम अवैध मादक पदार्थ MD बरामद हुआ। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 1,00,000/- रुपये आंकी गई है।
आरोपी का विवरण और जब्ती
1: आरोपी: सूरज मिश्रा (निवासी: नंदबाग, इंदौर)
2: पेशा: आरोपी पेशे से ड्राइवर है और केवल 10वीं कक्षा तक पढ़ा है।
3: जब्त सामग्री: 10 ग्राम MD, एक चारपहिया वाहन (Kia) और 01 मोबाइल फोन।
4: कुल मश्रूका कीमत: लगभग 12,50,000/- रुपये।
सस्ते में खरीदकर महंगे दामों में बेचता था
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी सूरज ने कबूल किया कि वह अधिक लाभ कमाने के लालच में सस्ते दामों पर ड्रग्स खरीदकर इंदौर के नशेड़ियों को महंगे दामों में बेचता था।
कानूनी कार्रवाई: पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना अपराध शाखा में अपराध क्रमांक 27/2026 के तहत धारा 8/22 NDPS एक्ट में मामला दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से उसके नेटवर्क और अन्य साथियों के बारे में पूछताछ कर रही है।

