21.2 C
Indore
Friday, February 27, 2026
HomeMadhya PradeshIndoreहोली और रंगपंचमी की 'गैर' को लेकर पुलिस अलर्ट, आयोजकों को दिए...

होली और रंगपंचमी की ‘गैर’ को लेकर पुलिस अलर्ट, आयोजकों को दिए कड़े निर्देश

इंदौर |(संभाग पोस्ट) शहर की ऐतिहासिक और पारंपरिक ‘गैर’ को सुरक्षित और भव्य बनाने के लिए इंदौर पुलिस ने कमर कस ली है। आगामी होली और रंगपंचमी के त्यौहार को हर्षाल्लास एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से आज पुलिस कमिश्नर श्री संतोष कुमार सिंह ने गैर संचालकों और आयोजकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की।

सुरक्षा और समन्वय पर रहा मुख्य फोकस
कार्यालय सभागार में आयोजित इस बैठक में पुलिस कमिश्नर के साथ अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (का./व्य.) श्री अमित सिंह और शहर के सभी वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। बैठक के दौरान गैर के मार्ग, पार्किंग, वालियंटियर्स की तैनाती और सुरक्षा सावधानियों पर विस्तृत चर्चा की गई।

आयोजकों के लिए जारी मुख्य दिशा-निर्देश
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परंपरा का सम्मान जरूरी है, लेकिन सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। बैठक में निम्नलिखित महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए:
1). अनुमति और शर्ते: सभी आयोजनों के लिए विधिवत परमिशन लेना अनिवार्य है और अनुमति की शर्तों का पालन करना होगा।
2). ड्रंक एंड ड्राइव पर सख्ती: गैर में शामिल वाहनों के चालकों की ब्रेथ एनालाइजर से चेकिंग की जाएगी। शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर तत्काल वैधानिक कार्रवाई होगी।
3). मैकेनिकल फिटनेस: उपयोग में आने वाले वाहनों की यांत्रिक जांच अनिवार्य है। साथ ही, वाहनों में अग्निशमन यंत्र (Fire Extinguisher), फर्स्ट एड बॉक्स और स्ट्रेचर की व्यवस्था रखनी होगी।
4). वालियंटियर्स की भूमिका: आयोजकों को अपने वालियंटियर्स की सूची पुलिस को देनी होगी। पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित वालियंटियर्स भीड़ नियंत्रण में मदद करेंगे।
5). फूहड़ता पर रोक: त्यौहार को पारंपरिक रूप से मनाने की सलाह दी गई है। किसी भी तरह की हुड़दंग या फूहड़ता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
6). केमिकल मुक्त रंग: खतरनाक केमिकल और हानिकारक रंगों के उपयोग पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।
7). साउंड सिस्टम: डीजे के साथ माइक की व्यवस्था अनिवार्य है, ताकि आपात स्थिति में आवश्यक घोषणाएं की जा सकें।

आयोजकों ने दिया सहयोग का आश्वासन
बैठक के दौरान गैर के संचालकों ने भी अपने सुझाव और कुछ व्यावहारिक समस्याएं रखीं, जिन्हें अधिकारियों ने नोट कर शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया। सभी आयोजकों ने विश्वास दिलाया कि वे पुलिस प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर इंदौर की इस गौरवशाली परंपरा को सुरक्षित तरीके से संपन्न कराएंगे।

“इंदौर की परंपरा अनुसार यह त्यौहार सभी लोग सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाएं। हर छोटी बात का ध्यान रखना हमारी प्राथमिकता है ताकि नागरिकों को कोई असुविधा न हो।”— संतोष कुमार सिंह, पुलिस कमिश्नर, इंदौर

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular