32.1 C
Indore
Wednesday, March 18, 2026
HomeDeshभीषण हादसा: EV चार्जिंग पॉइंट में ब्लास्ट से लगी आग, 7 लोगों...

भीषण हादसा: EV चार्जिंग पॉइंट में ब्लास्ट से लगी आग, 7 लोगों की जिंदा जलकर मौत

(SambhagpostNews) इंदौर के प्रीति नगर में बुधवार सुबह एक रूह कंपा देने वाला हादसा सामने आया है। घर के बाहर चार्ज हो रही इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) के चार्जिंग पॉइंट में हुए धमाके ने पूरे परिवार को अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण अग्निकांड में मकान मालिक सहित 7 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 3 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है।

कैसे हुआ हादसा?
घटना तिलक थाना क्षेत्र के छोटा राजवाड़ा स्थित प्रीति नगर की है। पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 4:00 बजे घर के बाहर खड़ी एक इलेक्ट्रिक गाड़ी चार्ज हो रही थी। अचानक चार्जिंग पॉइंट में जोरदार ब्लास्ट हुआ और आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।

आग लगने के कुछ ही मिनटों में घर के अंदर रखे 10 से ज्यादा गैस सिलेंडरों और ज्वलनशील रसायनों (पॉलीमर) ने आग पकड़ ली, जिससे धमाकों का सिलसिला शुरू हो गया।

इलेक्ट्रॉनिक लॉक बने ‘काल’
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान यह बात सामने आई कि घर में अत्याधुनिक इलेक्ट्रॉनिक लॉक लगे हुए थे। आग लगते ही घर की बिजली कट गई, जिससे लॉक जाम हो गए और अंदर फंसे लोग बाहर नहीं निकल सके। बेडरूम और मुख्य द्वारों के न खुलने के कारण लोग अंदर ही ट्रैप होकर रह गए।

रेस्क्यू ऑपरेशन की चुनौतियां
1). लगातार धमाके: जब फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, तो उनके सामने ही 2-3 गैस सिलेंडरों में ब्लास्ट हुए।
2). भीषण धुआं: पूरे इलाके में धुआं फैलने के कारण बचाव कार्य में काफी दिक्कतें आईं।
3). दीवारें तोड़कर प्रवेश: एसडीईआरएफ (SDERF) और फायर टीम ने पड़ोसी घरों की छतों से और दीवारें तोड़कर अंदर फंसे लोगों तक पहुंचने की कोशिश की।

प्रशासनिक मुस्तैदी
हादसे की खबर मिलते ही पुलिस कमिश्नर, कलेक्टर और अन्य आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए। फायर ब्रिगेड की 5 से अधिक गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। मृतक मनोज पुगलिया पॉलीमर का व्यवसाय करते थे, जिसके चलते घर में काफी ज्वलनशील सामग्री रखी हुई थी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular